शहडोल: रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 का सफल रेस्क्यू एवं सुरक्षित परिवहन

 


शहडोल, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के रेडियो कॉलर युक्त जंगली हाथी रेडियो कॉलर-4 की लगातार बदलती विचरण गतिविधियों एवं वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उसके सुरक्षित रेस्क्यू के लिए संयुक्त अभियान संचालित किया गया।

वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विशेषज्ञों के समन्वित प्रयासों से को अभियान में सफलता प्राप्त हुई। हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू कर विशेष वाहन से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कल्लवाह परिक्षेत्र स्थित अस्थायी सुरक्षित निगरानी क्षेत्र में शुक्रवार को लाकर मुक्त किया गया।

लगभग 20 वर्ष आयु का नर हाथी रेडियो कॉलर-4 मूलतः छत्तीसगढ़ का है। दक्षिण शहडोल वनमंडल के केशवाही वन परिक्षेत्र में लगातार जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 22 मई 2026 को उसका रेस्क्यू कर रेडियो कॉलर लगाया गया था। इसके पश्चात 23 मई 2026 को उसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के खितौली परिक्षेत्र की बगदरा बीट में सुरक्षित छोड़ा गया था। बांधवगढ़ में छोड़े जाने के बाद उसकी गतिविधियों की लगातार निगरानी की गई। प्रारंभ में लगभग एक माह तक अकेले विचरण करने के बाद 26 जून 2026 को वह 12 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया। इस दौरान हाथी ने खितौली, धमोखर, कल्लवाह, मगधी, उमरिया एवं शहडोल के वन क्षेत्रों में विचरण किया।

सोन नदी (बाणसागर बांध) को तैरकर पार करने की असाधारण गतिविधि

रेडियो कॉलर-4 की सबसे विशेष गतिविधि सोन नदी (बाणसागर बांध) को बार-बार तैरकर पार करना रही। 7 सितंबर 2026 को वह पनपथा बफर क्षेत्र से सोन नदी पार कर मैहर वनमंडल के अमरपाटन परिक्षेत्र पहुंचा। इस दौरान लगभग 8 से 10 घंटे तक तैरने के दौरान वह बीच में एक टापू पर भी रुका।

मैहर वनमंडल में लगभग 20 दिनों तक विचरण करने के बाद 28-29 सितंबर 2026 की रात्रि में उसने पुनः सोन नदी (बाणसागर बांध) को पार किया। लगभग 8 से 9 घंटे में करीब 9 किलोमीटर की दूरी तैरकर तय करते हुए उत्तर शहडोल के रास्ते बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में प्रवेश किया और लगभग एक माह तक बांधवगढ़ में रहा। इसके पश्चात हाथी ने एक बार फिर अपना विचरण क्षेत्र बदला और लगभग दो सप्ताह पूर्व पुनः बाणसागर बांध पार कर मैहर वनमंडल के अमरपाटन परिक्षेत्र की विभिन्न बीटों में विचरण करने लगा।

संयुक्त रेस्क्यू अभियान एवं सफलता

हाथी के विचरण क्षेत्र के आसपास अनेक ग्राम स्थित थे। क्षेत्र में मानव आबादी, मवेशियों एवं कृषि भूमि की मौजूदगी तथा पूर्व में हुई जनहानि, पशुहानि एवं फसल क्षति की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए मानव-हाथी संघर्ष की संभावनाओं को कम करना आवश्यक था। साथ ही जंगली हाथी की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी इस कार्रवाई का महत्वपूर्ण उद्देश्य था।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजोरा के निर्देशन में संयुक्त रेस्क्यू अभियान संचालित किया गया। अभियान क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व डॉ. अनुपम सहाय, वन संरक्षक, वन वृत्त रीवा श्री अनुराग कुमार एवं वनमंडलाधिकारी विद्या भूषण के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

रेस्क्यू अभियान में विभिन्न संस्थानों एवं वन क्षेत्रों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विशेषज्ञों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से तीन हाथी गौतम, सूर्या एवं श्याम तथा संजय टाइगर रिजर्व से हाथी बापू को रेस्क्यू कार्य में लगाया गया।

इस संयुक्त अभियान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के लगभग 20 अधिकारी एवं कर्मचारी, संजय टाइगर रिजर्व के लगभग 10 सदस्य, मैहर वनमंडल के लगभग 60 अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मुकुंदपुर चिड़ियाघर के लगभग 15 सदस्य शामिल रहे। रेस्क्यू अभियान में वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारियों के रूप में डॉ. राजेश तोमर (बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व), डॉ. नितिन गुप्ता (मुकुंदपुर चिड़ियाघर) एवं डॉ. अभय सेंगर (संजय टाइगर रिजर्व) की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

11 नवंबर 2026 को देर शाम हाथी रेडियो कॉलर-4 को डार्टिंग के माध्यम से सुरक्षित रूप से बेहोश किया गया। हाथी की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बेहोश करने के पश्चात उसका रेडियो कॉलर हटाया गया। इसके तुरंत बाद उसे विशेष रेस्क्यू वाहन मेंसुरक्षित पिंजरे में रखकर परिवहन किया गया। गोरसरी, अमरपाटन, मैहर, कटनी, उमरिया बायपास, परासी, मगधी एवं मिली घास मैदान होते हुए उसे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कल्लवाह परिक्षेत्र स्थित अस्थायी सुरक्षित निगरानी क्षेत्र में लाकर शुक्रवार को मुक्त किया गया। स्थानांतरण के पश्चात हाथी का व्यवहार सामान्य एवं स्थिर पाया गया। वर्तमान में क्षेत्र संचालक बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी एवं कल्लवाह परिक्षेत्र की टीम द्वारा हाथी के स्वास्थ्य, व्यवहार एवं अन्य आवश्यक गतिविधियों की लगातार निगरानी की जाएगी।

टीम के समन्वय एवं अथक प्रयासों से मिली सफलता

हाथी के रेस्क्यू से लेकर उसके सुरक्षित परिवहन तक 11 नवंबर को प्रातः 10 बजे से 12 नवंबर की दोपहर तक लगभग 30 घंटे का समय लगा। इस दौरान बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, संजय टाइगर रिजर्व एवं मैहर वनमंडल के अधिकारियों, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी रात लगातार कठिन परिश्रम, समर्पण एवं आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाया।

इस सफल रेस्क्यू अभियान पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने सभी अधिकारियों, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह संयुक्त अभियान विभिन्न वन क्षेत्रों एवं संस्थानों के बीच उत्कृष्ट समन्वय, टीम भावना एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। अभियान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों की सुरक्षा के साथ-साथ हाथी की सुरक्षा सुनिश्चित करना एवं मानव-हाथी संघर्ष की संभावनाओं को कम करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला