भविष्य की राह में नदी बनी बाधा, जान जोखिम में डालकर पढ़ने जा रहे बच्चे

 


उमरिया, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विकास के दावों को आईना दिखाती तस्वीर सामने आई है। यहां ग्राम मानिकपुर और आसपास के गांवों के विद्यार्थी बारिश के मौसम में उफनती बेन्दुली नदी को पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी नदी पार करवाने के लिए खुद पानी में उतरते हैं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बेन्दुली नदी पर पुल निर्माण की मांग कई वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए अभिभावक उनकी सुरक्षा की चिंता के बीच उन्हें नदी पार करवाते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। उस समय जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से पुल निर्माण का आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

कई गांवों का आवागमन इसी नदी पर निर्भर

बांधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मानिकपुर स्थित बेन्दुली नदी को मानिकपुर, हर्राडांड सहित आसपास के कई गांवों के लोग आवागमन के लिए इस्तेमाल करते हैं। बारिश के दौरान नदी में पानी बढ़ जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं। विद्यार्थियों के अलावा रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले ग्रामीण भी जोखिम उठाने को मजबूर होते हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक बारिश के मौसम में रात के समय किसी व्यक्ति के बीमार होने या महिला को प्रसव पीड़ा होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। गांव तक वाहन पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसे में कई बार मरीज अथवा प्रसूता को खाट पर लेटाकर ग्रामीण नदी पार करवाने को मजबूर होते हैं।

वर्षों से पुल की मांग

मानिकपुर निवासी बब्बन सिंह ने बताया कि ग्रामीण कई वर्षों से जिला प्रशासन और सरकार से नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बारिश के मौसम में ग्रामीणों को बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता है।

हर्राडांड निवासी बैजू गोंड ने बताया कि पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पूरे वर्ष परेशानी का सामना करना पड़ता है। बच्चों को स्कूल भेजते समय अभिभावकों में हमेशा अनहोनी की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्हें नदी पार कर स्कूल भेजना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार नदी पार करते समय कई बार हादसे भी हो चुके हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से बेन्दुली नदी पर शीघ्र पुल निर्माण कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े और बारिश के दौरान गांवों का संपर्क भी सुरक्षित बना रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्‍द्र त्रिपाठी