छिंदवाड़ा में खजरी रोड ओवरब्रिज पर पलटा स्कूल वाहन, 5 छात्र घायल, एक की हालत गंभीर

 


- मैजिक का पट्टा टूटने से हुआ हादसा, चालक हिरासत में

छिंदवाड़ा, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के खजरी रोड ओवरब्रिज पर सोमवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच छात्र घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, विद्या भूमि पब्लिक स्कूल का मैजिक वाहन छात्रों को स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान खजरी रोड ओवरब्रिज पर वाहन का पट्टा टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और मैजिक सड़क पर पलट गई। हादसे के समय वाहन में सात छात्र सवार थे। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में पांच छात्र घायल हुए हैं। इनमें एक छात्र को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य बच्चों का उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। कोतवाली निरीक्षक आशीष कुमार ने बताया कि वाहन चालक को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में वाहन का पट्टा टूटने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन की तकनीकी स्थिति, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे