पानी की तलाश में जुटा 16 साल का अनीश, अकेले 25 फीट गहरा कुआं खोदकर निकाला मीठा पानी
सागर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक 16 वर्षीय छात्र ने दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसने ग्रामीणों को भी हैरान कर दिया। जैसीनगर क्षेत्र के खजुरिया टगरा टोला (सेमरा गोपालमन) निवासी कक्षा 12वीं के छात्र अनीश फौजदार ने परिवार की पानी की जरूरत पूरी करने के लिए अकेले ही करीब 25 फीट गहरा कुआं खोद डाला। अनीश ने यह काम किसी मशीन या मजदूर की मदद के बिना फावड़े और कुदाल के सहारे पूरा किया।
गांव में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी। परिवार को भी पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। ऐसे में अनीश ने स्वयं कुआं खोदने का निर्णय लिया। जब उसने परिवार के सामने यह बात रखी तो शुरुआत में किसी ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया। परिजनों को लगा कि कुछ दिन मेहनत करने के बाद वह थक जाएगा और खुदाई का काम छोड़ देगा।
लेकिन अनीश ने अपने इरादे को हकीकत में बदलने की ठान ली थी। उसने अकेले ही खुदाई शुरू कर दी। वह कुदाल से मिट्टी खोदता और बाल्टी की मदद से मिट्टी बाहर निकालता रहा। कुएं की गहराई बढ़ने के साथ काम कठिन और जोखिम भरा होता गया, लेकिन उसने लगातार मेहनत जारी रखी।
कई दिनों की मेहनत के बाद करीब 25 फीट की गहराई पर कुएं में पानी निकल आया। पानी निकलते ही परिवार की लंबे समय से चली आ रही परेशानी काफी हद तक दूर हो गई। अनीश की मेहनत और दृढ़ संकल्प की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो उसकी चर्चा पूरे इलाके में होने लगी।
अनीश की मेहनत को देखते हुए ग्रामीण उसे प्यार से ‘सागर का छोटा मांझी’ कहने लगे हैं। पढ़ाई के साथ परिवार की जरूरत के लिए इस तरह मेहनत करने वाले अनीश की कहानी ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण बन गई है। यह घटना बताती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के बल पर कठिन से कठिन लक्ष्य को भी हासिल किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे