उज्जैनः जिले में बारिश और तेज हवाओं से भरे दाने की फसल को भारी नुकसान

 


उज्जैन, 20 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में गेहूं,चना और सरसो की फसल तेज हवाओं और बारिश ने खराब कर दी है। किसानों का नुकसान दो तरफा हुआ है। कृषि विभाग के अनुसार जिस बेल्ट में गत माह ओले गिरे थे,उसी बेल्ट में बारिश के साथ तेज हवाओं का जोर रहा,जिससे फसल आड़ी हो गई।

कृषि उप संचालक उम्मेदसिंह तोमर के अनुसार शुक्रवार को पूरे जिले में जहां-जहां बारिश हुई और तेज हवाओं के कारण फसलों के नुकसान की सूचना मिली,कृषि विभाग की टीम रवाना हो गई और सर्वे कार्य प्रारंभ कर दिया है। उन्होने बताया कि पिछली बार ओले गिरे थे,उसी बेल्ट में बारिश के अलावा तेज हवा चली। जो फसल पकने आ गई थी,उनके दाने भारी हो जाते हैं, ऐसे में तेज हवाओं के कारण वे फसल जमीन पर लेट गई। शुक्रवार रात्रि और शनिवार को भी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने बताई है। अत: जहां भी नुकसानी आएगी,उसका सर्वे किया जाएगा और उस अनुसार बीमा राशि क्षतिपूर्ति के लिए दी जाएगी।

लेट बोवनी वालों को लाभतोमर ने बताया कि जिन्होने पहले फसल बोई थी,उनकी फसल में दाने पकने के कारण तेज हवा से जमीन पर लेट गई। जिन्होने देरी से बोवनी की थी,वे लाभ में है। यह बारिश उनकी फसल के लिए अमृत है वहीं तेज हवाओं का उन पर कोई असर नहीं दिखा। जिनके खेत में फसल लेट गई है,वे धूप निकलने का इंतजार करे। तेज धूप में संभव है अधिकांश फसल पुन: खड़ी हो जाए। फिर भी थोड़ा बहुत नुकसान तो होगा ही।

किसान चिंता न करे : कलेक्टरइधर कलेक्टर रोशनकुमार सिंह ने वीडियो जारी किया है। पूरे जिले में किसानों तक पहुंचे इस वीडियो संदेश में सिंह ने कहा है कि प्रदेश सरकार बारिश और तेज हवा चलने से किसानों के हुए नुकसान को लेकर चिंतित है। हमने राजस्व अधिकारियों,तहसीलदार,पटवारी,बीमा कम्पनी के प्रतिनिधि ओर कृषि विभाग को फिल्ड में भेज दिया है। जैसे ही सर्वे पूरा होगा और नुकसानी का प्रतिवेदन आएगा,राज्य शासन को तुरंत भेजकर क्षतिपूर्ति दिलवाने की कार्यवाही की जाएगी। किसान चिंता न करें, शासन उनके साथ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल