किसानों के हितों को ध्यान में रखकर, दो-तीन दिन में घोषित हो सकती है अफीम नीति
मंदसौर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अफीम नीति की घोषणा को लेकर किसानों के बीच चल रही प्रतीक्षा के बीच भाजपा के मंदसौर जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने आगामी दो से तीन दिनों में नीति जारी होने की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर अफीम नीति तैयार कर रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और नीति की घोषणा का इंतजार करें।
दीक्षित ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किसानों के हित में कई कदम उठाए हैं। इस वर्ष भी अफीम किसानों के हितों को ध्यान में रखकर नीति घोषित करने की तैयारी है। उनके अनुसार, इस संबंध में बुधवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर तथा सांसद सुधीर गुप्ता से चर्चा की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं ने जल्द ही अफीम नीति जारी होने का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा कि किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है और वे अपनी तैयारियां जारी रखें। हालांकि, नीति की आधिकारिक घोषणा की तारीख और उसके प्रावधानों की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
राजेश दीक्षित ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कुछ अन्य नेता अफीम नीति में देरी का मुद्दा उठाकर किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सरकार के फैसले का इंतजार करना चाहिए।
दीक्षित ने चंबल का पानी खेतों तक पहुंचाने की योजना, बिजली व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, खेती का रकबा बढ़ाने और किसान सम्मान निधि जैसे विषयों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने कृषि और किसानों से जुड़े मुद्दों पर काम किया है। उन्होंने दोहराया कि अफीम नीति जल्द जारी होने की संभावना है और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया