गंगोज कार्यक्रम में आवारा सांड घुसा, तीन महिलाएं घायल

 




मंदसौर, 01 मई (हि.स)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के पिपलिया मंडी स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र के रैगर मोहल्ले में शुक्रवार को आयोजित गंगोज कार्यक्रम के दौरान एक आवारा सांड घुस जाने से अफरा-तफरी मच गई। सांड के हमले में तीन महिलाएं घायल हो गईं, जबकि कुछ अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।

घायलों में कंचनबाई रंगलाल (40), करिश्मा करण (31) और हुडिबाई रुगनाथ (65) शामिल हैं। परिजन घायलों को तुरंत निजी चिकित्सालय ले गए, जहां उनका उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय सुरेश के परिवार में छह पुत्रियां हैं और परिवार की जिम्मेदारी माता मंजूबाई संभाल रही हैं। चार पुत्रियों के विवाह होने हैं, जिनकी बारात बड़कुवा, कनघट्टी, मोरवन और रामपुरा से आने वाली है। इसी अवसर पर गंगोज कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान अचानक आवारा सांड के घुसने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला।

घटना की सूचना मिलते ही मल्हारगढ़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी स्वाति तिवारी और सीएमओ प्रवीण सेन से चर्चा कर नगर में आवारा सांडों की समस्या से मुक्ति दिलाने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व भी सब्जी मंडी क्षेत्र में आवारा सांड के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। इसके बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया