राजगढ़: वाल्व चेंबर में मोटर लगाकर पेयजल चोरी, आरोपित पर 70 हजार का जुर्माना
राजगढ़, 22 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम भोजपुर में कुंडलिया समूह जल प्रदाय योजना से अवैध रूप से पानी निकालने का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति द्वारा वाल्व चेंबर में मोटर लगाकर पेयजल चोरी कर सिंचाई में उपयोग किया जा रहा था। मामले में जल निगम ने कार्रवाई करते हुए मोटर जब्त कर आरोपी पर 70 हजार 800 रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के अनुसार, भोजपुर निवासी सोनू मालाकार द्वारा योजना के वाल्व चेंबर में मोटर लगाकर पानी निकाला जा रहा था। बताया गया कि इस पानी का उपयोग कुएं को भरने और बाद में सिंचाई के लिए किया जा रहा था। इससे आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत मिली थी।
शिकायत के बाद जल निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जांच में पानी चोरी की पुष्टि होने पर मौके से मोटर जब्त की गई और पंचनामा तैयार किया गया।
जल निगम के उप प्रबंधक अर्जुन परिहार ने बताया कि अवैध रूप से पानी निकाले जाने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी पेयजल योजनाओं की व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जल निगम के महाप्रबंधक यूके चौधरी ने आरोपी को नोटिस जारी कर 70 हजार 800 रुपये की क्षतिपूर्ति एवं जुर्माना राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में राशि जमा नहीं करने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 152 के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जल निगम ने आमजन से अपील की है कि पेयजल योजनाओं से छेड़छाड़ या पानी चोरी जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ सभी लोगों तक निर्बाध रूप से पहुंच सके।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक