स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने किया वन्यजीव तस्करी गिरोह का 8वां आरोपी गिरफ्तार

 


- संरक्षित दुर्लभ प्रवासी पक्षियों की तस्करी का आरोप

भोपाल, 20 जुलाई (हि.स.) । मध्य प्रदेश की स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) की इंदौर इकाई ने विगत तीन वर्ष से फरार चल रहे संगठित वन्यजीव तस्करी गिरोह के 8वें आरोपी को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

जनसंपर्क अधिकारी के.के. जोशी ने सोमवार को बताया कि अहमदाबाद (गुजरात) निवासी आरोपित आशीष, पिता विनोद 19 जुलाई 2026 को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित को विशेष न्यायालय, इंदौर की अनुमति पर फॉरेस्ट रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में 20 मई 2023 को वन अपराध प्रकरण दर्ज कर सात आरोपितों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका था।

उललेखनीय है कि एसटीएसएफ, इंदौर ने मई 2023 में वन्यजीवों के अवैध व्यापार में संलिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-II के तहत संरक्षित पक्षी 35 प्लम-हेडेड पैराकीट और 16 रोज-रिंग्ड पैराकीट बरामद किए गए थे। एसटीएसएफ द्वारा प्रकरण में फरार हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत