राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को मिली आईपीएस रैंक, डीजीपी कैलाश मकवाणा ने पहनाए बैज

 


भोपाल, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय पुलिस सेवा (चयन सूची-2025) के तहत मध्य प्रदेश राज्य पुलिस सेवा के सात अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में नियुक्त किए जाने के बाद मंगलवार को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में रैंक अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा ने अधिकारियों को आईपीएस रैंक पहनाकर शुभकामनाएं दीं।

समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी मकवाणा ने कहा कि भारतीय पुलिस सेवा में चयन अधिकारियों की निष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा में अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा भविष्य में भी उनसे प्रभावी नेतृत्व और उत्कृष्ट कार्य की अपेक्षा है।

डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि उनकी कार्यशैली, ईमानदारी और व्यवहार ऐसे हों, जो विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनें। उन्होंने कहा कि योग्य अधिकारियों को समय पर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है और इसी क्रम में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नति मिली है।

इस अवसर पर डीजीपी ने निमिषा पाण्डेय, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, सब्यसाची सराफ तथा समर वर्मा को भारतीय पुलिस सेवा की रैंक पहनाई।

गौरतलब है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 17 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना के तहत भारतीय पुलिस सेवा (चयन सूची-2025) में इन सात अधिकारियों की नियुक्ति करते हुए उन्हें मध्य प्रदेश कैडर आवंटित किया है। भारतीय पुलिस सेवा (परिवीक्षा) नियम, 1954 के तहत सभी अधिकारी एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पूरी करेंगे तथा निर्धारित इंडक्शन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे