राज्य स्तरीय आईसीजेएस कार्यशाला रविवार को भोपाल में
भोपाल, 27 जून (हि.स.)। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी), पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा ICJS Implementation and Digital Integration विषय पर रविवार, 28 जून 2025 को एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे सभागार, भोपाल में किया जा रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी राजेश दाहिमा ने शनिवार को बताया कि कार्यशाला पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो जयदीप प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में माननीय न्यायमूर्ति संजीव एस कलगांवकर, उच्च न्यायालय, मध्यप्रदेश की गौरवमयी उपस्थिती रहेगी।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य Interoperable Criminal Justice System (आईसीजेएस) के तहत पुलिस, अभियोजन, न्यायालय, जेल, फॉरेंसिक एवं स्वास्थ्य विभाग के मध्य डिजिटल समन्वय और डेटा इंटरऑपरेबिलिटी को सुदृढ़ बनाना तथा आईसीजेएस के कार्यान्वयन में आ रही चुनौतियों, वर्तमान प्रणाली में मौजूद कमियों और उनके समाधान हेतु रूपरेखा तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में आईसीजेएस के समस्त स्तंभों से संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण, प्रत्येक जिले से माननीय न्यायाधीश, अभियोजन, जेल, फॉरेंसिक तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधिगण सहभागिता करेंगे। आईसीजेएस के विविध पहलुओं पर गहन विमर्श हेतु स्थानीय वक्ताओ के अतिरिक्त उप निदेशक एनसीआरबी नई दिल्ली प्रसून गुप्ता, फॉरेसिंक व साइबर एक्सपर्ट मुंबई डॉ सैयद शरीक महदी रिजवी, एनआईसी भोपाल सुनील जैन को भी वक्ता के रूप में आंमत्रित किया गया है, जिनके द्वारा विषयगत तकनीकी सत्रों का संचालन किया जाएगा। यह कार्यशाला राज्य में नवीन आपराधिक कानूनों के डिजिटल और एकीकृत क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत