राज्य शिक्षा केंद्र की कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा की नई तारीखें घोषित
16 से 23 जून तक होंगी परीक्षाएं, 24 से 28 जून के बीच होगा मूल्यांकन
भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य शिक्षा केंद्र ने कक्षा 5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षा सत्र 2025-26 की संशोधित समय-सारणी शुक्रवार काे जारी कर दी है। पहले घोषित कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए अब परीक्षाएं 16 जून से 23 जून 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अपरिहार्य कारणों के चलते परीक्षा तिथियों में बदलाव किया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षाएं नई समय-सारणी के तहत आयोजित कराई जाएंगी। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों, जिला शिक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
पुनः परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 24 जून से 28 जून 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि मूल्यांकन प्रक्रिया समय-सीमा में पूरी हो, ताकि परिणाम घोषित करने में किसी प्रकार की देरी न हो। राज्य शिक्षा केंद्र ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन से जुड़े अन्य सभी दिशा-निर्देश पूर्ववत लागू रहेंगे। केवल परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है, जबकि परीक्षा प्रक्रिया और व्यवस्थाओं में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
विभाग स्तर पर परीक्षा की निगरानी और व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारी शुरू कर दी गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे