इंदौर में तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को मारी जोरदार टक्कर, दो दोस्तों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर, 07 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के मरीमाता चौराहे के पास रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक्टिवा सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों युवक उछलकर कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान सत्य साईं नगर निवासी राज (28) पुत्र रवि सोनेरे और नंदकिशोर सोलंकी (30) के रूप में हुई है। दोनों रविवार रात एक्टिवा से घूमने निकले थे। रात करीब 11:30 बजे मरीमाता चौराहे के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
टक्कर के बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार को मौके पर ही रोक लिया। बाद में वाहन को पुलिस थाने पहुंचाया गया। पुलिस ने कार जब्त कर ली है और हादसे के पीछे की वजह के साथ ही कार की रफ्तार और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। परिजनों के मुताबिक राज ओवन का काम करता था और कारीगर था। उसके परिवार में पत्नी, दो भाई और माता-पिता हैं। वहीं नंदकिशोर सब्जी बेचने का काम करता था। परिवार में उसके पिता के अलावा एक बड़ा और एक छोटा भाई है। दोनों दोस्तों की मौत की खबर के बाद परिवारों में मातम पसरा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत