अनूपपुर: स्टेशन में संरक्षा संगोष्ठी: समर प्रिकॉशन एवं ट्रैक डी-स्ट्रेसिंग पर विशेष चर्चा एवं प्रशिक्षण

 


अनूपपुर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में मंडल संरक्षा विभाग, बिलासपुर द्वारा रेल संरक्षा को सुदृढ़ बनाने, कर्मचारियों में सतर्कता, सजगता एवं कार्य कुशलता को बढ़ावा देने तथा ग्रीष्मकालीन चुनौतियों के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से अनूपपुर स्टेशन में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन के निर्देशन तथा उपस्थिति में बुधवार को संरक्षा संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में स्टेशन मास्टर, एसएसई, जेई, डीटीआई, लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, प्वाइंट्समैन, गेटमैन, टेक्नीशियन एवं गेंगमैन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान संभावित दुर्घटनाओं के कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सावधानियों एवं उपायों पर विशेष बल दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रीष्मकालीन सावधानियों एवं ट्रैक डी-स्ट्रेसिंग की प्रक्रिया पर विशेष रूप से विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया, जिससे उच्च तापमान के दौरान ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके अतिरिक्त स्पीड प्रतिबंध, वर्कसाइट प्रोटेक्शन, शंटिंग के दौरान सुरक्षा उपाय, लोड स्थिरीकरण, इंटरलॉक एवं नॉन-इंटरलॉक प्वाइंट्स पर सावधानियां, ओएचई ब्लॉक के दौरान सुरक्षा, साइडिंग में लोडिंग-अनलोडिंग के समय अपनाई जाने वाली सावधानियां एवं आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सिविल डिफेन्स के श्री घनश्याम सिंह राज द्वारा अग्निशमन, प्राथमिक उपचार एवं जीवन रक्षक सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता की जा सके।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी साकेत रंजन ने कर्मचारियों को संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए सतर्कता एवं सजगता के साथ कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने विशेष रूप से कार्य के दौरान शॉर्टकट अपनाने से बचने तथा निर्धारित मानकों एवं समयसीमा के भीतर सुरक्षित तरीके से कार्य संपन्न करने पर बल दिया।

मंडल संरक्षा विभाग द्वारा इस प्रकार के जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित, सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला