उज्जैनः स्पेशल डीजी जैन ने सिंहस्थ में पार्किंग और यातायात व्यवस्था का किया निरीक्षण

 


उज्जैन, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के स्पेशल डीजी उपेन्द्र जैन ने शनिवार को उज्जैन आकर सिंहस्थ कार्यो का निरीक्षण किया। जैन वर्ष-2004 में सिंहस्थ के दौरान उज्जैन एसपी थे। उन्होने वर्ष-2004 और 2016 के सिंहस्थ के अपने अनुभव साझा किए। सिंहस्थ हेतु सडक़ और रेल मार्ग से आनेवाले श्रद्धालुओं को शिप्रा तट पर स्नान हेतु कैसे सुलभ मार्ग से पहुंचाया जाए,जिससे कि वे परेशान न हो, इस विषय पर मंथन किया। उन्होने घाटाों का निरीक्षण कर उनकी चौड़ाई भी बढ़ाने के निर्देश दिए।

जैन ने सिंहस्थ में श्रद्धालुओं के लिए ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह एवं एसपी प्रदीप शर्मा ने उन्हे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न किए जा रहे निर्माणों की प्रगति की जानकारी दी। श्री जैन ने त्रिवेणी स्थित शनि मंदिर के समीप निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण कर सिंहस्थ के दौरान त्रिवेणी घाट तक श्रद्धालुओं को लाने के लिए पहुंच मार्ग बनाकर 10 मीटर चौड़ा मार्ग तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने देवास रोड के चंदेसरा, उन्हेल रोड क्षेत्र, गरोठ की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धतरावदा, सिद्धवट क्षेत्र में निर्माणाधीन घाट, बडऩगर रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गोंसा क्षेत्र में पार्किंग के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह,एडीजी राकेश गुप्ता,कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा शामिल रहे। अधिकारियों ने सिंहस्थ की व्यवस्थाएं मौके पर देखने के लिए करीब 100 किमी क्षेत्र का भ्रमण कर स्थल पर पूरी योजना समझाई।

निरीक्षण के दौरान जैन ने अधिकारियों को सिंहस्थ-2004 और 2016 के अनुभव से भी अवगत कराया। उन्होने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए सतत रूप से सजग रहने की आवश्यकता होगी। हर घाट पर दोनों ओर से आने और बाहर निकालने के इंतजाम बेहतर तरीके से किए जाएं। ऐसी योजना बनाई जाए कि किस रोड़ से आने वाले श्रद्धालुओं को किस घाट पर, किस क्षेत्र में स्नान कराया जा सकता है, पहले से तय हो।

प्लान बी भी तैयार रखें

जैन ने निरीक्षण के दौरान बताया कि शिप्रा नदी के दायें और बायें, दोनों ओर दोनों साइड के घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्थाएं की जाएं और श्रद्धालुओं को अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालु किस प्रकार से स्नान घाटों तक पहुंचेंगे उसके लिए भी कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाए। जिससे स्नान के दौरान भीड़ बढऩे पर वैकल्पिक व्यवस्था भी रहे।

पुलिस विभाग की तैयारियां जारी-एसपी

एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा सिंहस्थ हेतु रणनीतिक तैयारियां जारी हैं। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली है। विशेष पुलिस बल की तैनाती की योजना बना ली गई है। आधुनिक सीसीटीवी केमरों से निगरानी एवं आपदा प्रबध्ंान व्यवस्थाओं को मजूबत करने की योजना भी बन गई है। पार्किंग स्थलों, निकासी, रूट डायवर्जन आदि के मार्गदर्शक संकेतक जहां लगाए जाना है,वो स्थान चिंहित कर लिए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, अति संवेदनशील केंद्रों,निगरानी व्यवस्था, लापता व्यक्तियों की सहायता,महिला सुरक्षा आदि की योजना तैयार करने के निर्देश स्पेशल डीजी ने दिए हैं,उस पर कार्य चल रहा है। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में अस्थायी टेंट सिटी एवं अन्य संरचनाओं पर भी उन्होने चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल