जबलपुर : पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विधायक और एडिशनल के बीच तीखी बहस
जबलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शनिवार को विधायक लखन घनघोरिया और एडिशनल एसपी आयुष जाखड़ के बीच तीखी बहस, हो गयी। गहमागहमी की स्थिति उस समय हुई जब पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में अपनी बात रखने एसपी कार्यालय पहुंचे। वहां स्थिति असहज होने पर कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
विधायक ने एएसपी के कथित व्यवहार और बातचीत के तरीके पर कड़ी आपत्ति जताई।
मामला यूथ कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष जितिन राज से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, दुर्गा पंडाल को लेकर जितिन राज का पुलिस के साथ विवाद हुआ था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विजयनगर थाना पुलिस ने कांग्रेस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इसी कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए।
विधायक लखन घनघोरिया के नेतृत्व में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान एएसपी के कथित व्यवहार से नाराज विधायक ने कहा कि किसी आईपीएस अधिकारी का रवैया इस तरह का नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारी की भाषा और व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस तरह का रवैया कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच हुई बहस के बाद एसपी कार्यालय परिसर में माहौल और तनावपूर्ण हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष जितिन राज ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिस सत्ता के दबाव में मनमाने ढंग से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।
एसपी कार्यालय में जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी के बीच हुए इस घटनाक्रम ने शहर की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल, कांग्रेस ने पुलिस की कार्रवाई और अधिकारियों के कथित व्यवहार को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक