जबलपुर में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, कई थाना-चौकी प्रभारियों के तबादले

 


जबलपुर, 20 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने और थाना स्तर की कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बुधवार को कई थाना एवं चौकी प्रभारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद पुलिस विभाग में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

जारी आदेश के अनुसार सिविल लाइन थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक कन्हैया सिंह बघेल को सिविल लाइन थाने की कमान सौंपी गई है। शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त थानों में शामिल सिविल लाइन थाना में हुए इस बदलाव को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

वहीं निरीक्षक अनिल पटेल को विजय नगर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस फेरबदल में महिला अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महिला टीआई सरोजिनी को चरगवां थाना प्रभारी बनाया गया है, जिसे विभाग महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है।

इसके अलावा चरगवां थाना प्रभारी अभिषेक प्यासी को बरगी नगर चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं बरगी नगर चौकी में पदस्थ सरिता पटेल को उखरी चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक