जबलपुर: एसपी ने की साइबर अपराध और ई-जीरो एफआईआर की समीक्षा
जबलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में राजपत्रित अधिकारियों की बैठक लेकर पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की संभागवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लंबित अपराधों, सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों के साथ साइबर अपराध तथा ई-जीरो एफआईआर की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों को मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी ने अधिकारियों से थानावार प्राप्त शिकायतों, लंबित प्रकरणों और जांच के बाद निराकृत मामलों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित जांचों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाए। महिला संबंधी अपराधों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी और विवेचना पूर्ण कर समय पर चालान पेश करने पर भी जोर दिया गया।
साइबर अपराधों की समीक्षा के दौरान साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और अन्य ऑनलाइन अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के लिए प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ई-जीरो एफआईआर को लेकर भी एसपी ने सख्ती दिखाई। उन्होंने पोर्टल पर लंबित जीरो एफआईआर की शीघ्र जांच कर निराकरण कराने और कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहने देने के निर्देश दिए।
अन्य राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन नोटिस का सत्यापन कर संबंधित थानों के माध्यम से समय पर तामील कराने को भी कहा गया। संपत्ति संबंधी लंबित अपराधों में आरोपितों की पतासाजी, गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए भी अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक