किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें - उप संचालक, कृषि
हरदा 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में किसानों की समस्याओं के समाधान और शासन की गाइडलाइन के पालन के साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। यह जानकारी कृषि विभाग हरदा के उप संचालक जवाहरलाल कास्दे ने पत्रकार प्रमोद सोमानी से चर्चा के दौरान दी। उन्होंने बताया कि खाद-बीज वितरण से लेकर फसल बीमा और समर्थन मूल्य पर खरीदी तक, हर स्तर पर पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है।
पर्याप्त खाद-बीज वितरण पर विशेष पहल
श्री कास्दे ने बताया कि किसानों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लाइन सिस्टम लागू किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि दिव्यांग किसानों और महिला कृषकों को विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें वितरण केंद्रों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नरवाई जलाने पर रोक के लिए जागरूकता
उप संचालक ने बताया कि जिले में नरवाई (फसल अवशेष) जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को इसके दुष्प्रभावों—मिट्टी की उर्वरता में कमी, पर्यावरण प्रदूषण और आगजनी के खतरे—के बारे में जानकारी दी जा रही है। ग्रामीण अंचलों में विभागीय टीम गांव-गांव जाकर किसानों को समझाइश दे रही है और वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
बीमा का लाभ समय पर मिले, इस पर जोर
श्री कास्दे ने स्पष्ट किया कि फसल बीमा योजना के तहत कोई भी पात्र किसान लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। बीमा कंपनियों के अधिकारियों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। जरूरतमंद किसानों को तय नियमों के अनुसार निर्धारित समय सीमा में बीमा राशि मिले, इस दिशा में विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता और समयबद्ध भुगतान
खरीदी केंद्रों में पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष फोकस रखा जा रहा है। वर्तमान में पंजीयन प्रक्रिया जारी है। पंजीयन पूर्ण होने के बाद आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर खरीदी और भुगतान की प्रक्रिया तय समय सीमा में पूर्ण हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
आधुनिक कृषि यंत्रों और फसल चक्र पर जोर
कृषि विभाग किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित कर रहा है, ताकि खेती को लाभकारी बनाया जा सके और आय में वृद्धि हो। मूंग और उड़द जैसी फसलों की खेती को फसल चक्र के अनुरूप बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अन्य वैकल्पिक फसलों की ओर किसानों को प्रेरित कर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण, प्रेस क्लब ने किया अभिनंदन
उप संचालक जवाहरलाल कास्दे के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर औपचारिक समारोह तो आयोजित नहीं किया गया, लेकिन विभागीय कर्मचारियों में उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर गणेश शंकर विद्यार्थी प्रेस क्लब के जिलाध्यक्ष प्रमोद सोमानी एवं उपाध्यक्ष आलोक पटेल सहित अन्य पदाधिकारी कृषि विभाग कार्यालय पहुंचे और श्री कास्दे का पुष्पमालाओं से अभिनंदन कर शुभकामनाएं दीं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कृषि क्षेत्र जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और विभाग की सक्रियता से किसानों में जागरूकता बढ़ी है। उपाध्यक्ष ने भी श्री कास्दे की सकारात्मक सोच और समन्वयात्मक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विभागीय कार्यों में पारदर्शिता आई है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने कृषि विभाग की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी किसानों के हित में इसी प्रकार कार्य करने की अपेक्षा जताई। उप संचालक श्री कास्दे ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / Pramod Somani