राजगढ़ःलापरवाही पर सामाजिक सुरक्षा अधिकारी की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश

 


राजगढ़, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित व प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा शुरू किए गए ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को जनसुनवाई पूर्व विभिन्न शिकायतों की समीक्षा की गई।

इस सप्ताह नगरीय विकास एवं आवास विभाग संबंधी पांच शिकायतों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रत्येक शिकायत को व्यक्तिगत रूप से सुना और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पहली शिकायत में ब्यावरा निवासी मुकेश वर्मा ने बताया कि वार्ड क्रमांक 15 स्थित शीतला माता मंदिर के पास निवासरत होने के बावजूद उनका नाम समग्र आईडी में अब तक नहीं जोड़ा गया है। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने नगर पालिका ब्यावरा के कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्रप्रकाश वर्मा के सात दिवस का वेतन काटने तथा कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। दूसरी शिकायत में ग्राम पंचायत घटिया, ब्लॉक सारंगपुर के रामबाबू वर्मा ने परिवार आईडी अलग करने में हो रही देरी की बात रखी। जांच में बताया गया कि पंचायत लॉगिन पर आईडी प्रदर्शित नही होने से प्रक्रिया लंबित है,जिस पर कलेक्टर ने सात दिन में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीसरी शिकायत में लक्ष्मणसिंह गुर्जर ने समग्र आईडी में पति का नाम न जुड़ पाने की परेशानी बताई। मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर ने सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जीरापुर को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा उनकी एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में तेजी से प्रभावी साबित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक