दमोह: संदीपनी विद्यालय मार्ग से अतिक्रमण ध्वस्त, देर रात तक चली कार्रवाई

 






दमोह, 26 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय (पूर्व सीएम राइज स्कूल) के मुख्य पहुंच मार्ग से अतिक्रमण हटाने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। कलेक्टरसुधीर कुमार कोचरके नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।

गुरुवार को संध्या के समय प्रारंभ हुई कार्रवाई देर रात्रि तक चलती रही, जिसमें सीएम राइज स्कूल—जो वर्तमान में संदीपनी विद्यालय के नाम से जाना जाएगा—के लिए मुख्य सड़क मार्ग से होकर जाने वाले रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। प्रशासनिक अमले ने सीमांकन के आधार पर मार्ग के दोनों ओर बने अवरोधों को हटाकर रास्ता पूर्णतः साफ कराया।

सीमांकन के बाद की गई कार्रवाई

कार्रवाई से पूर्व राजस्व विभाग द्वारा स्थल का सीमांकन कराया गया। ड्राइंग एवं स्वीकृत नक्शे के अनुसार आवश्यक भूमि चिन्हित की गई, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाया गया। मौके पर पीडब्ल्यूडी, पीआईयू, राजस्व एवं स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर कोचर ने बताया कि विद्यालय निर्माण एवं विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नाम परिवर्तन के बाद बढ़ी सक्रियता

उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय को पूर्व में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहानके कार्यकाल में सीएम राइज स्कूल योजना के अंतर्गत स्वीकृति मिली थी। हाल ही में मुख्यमंत्रीडॉ. मोहन यादवद्वारा इसका नाम परिवर्तित कर संदीपनी विद्यालय करने की घोषणा की गई है। नाम परिवर्तन और निर्माण कार्य में तेजी के साथ प्रशासन ने लंबित प्रकरणों का निराकरण करते हुए पहुंच मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।

सड़क निर्माण होगा प्रारंभ

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटने के बाद अब सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। देर रात तक चली इस कार्रवाई के बाद विद्यालय तक सुगम और व्यवस्थित मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव