उज्जैनः 10 लाख रुपये की एमडी के साथ तस्कर गिरफ्तार

 


उज्जैन , 11 जुलाई (हि.स.)। उज्जैन आरपीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो एनसीबी, इंदौर की शनिवार को संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला सामने आया। दोनों एजेंसियों ने जयपुर-मनारगुडी एक्सप्रेस में सर्च ऑपरेशन चलाकर एक तस्कर को करीब 80 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

आरपीएफ थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि एनसीबी को पहले से सूचना थी कि जयपुर-मनारगुडी एक्सप्रेस के माध्यम से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर सघन तलाशी शुरू कर दिया। तलाशी के दौरान टीम की नजर ट्रेन के एस-1 स्लीपर कोच में बैठे एक संदिग्ध यात्री पर पड़ी। पूछताछ के बाद उसके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, जिसमें 80 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। आरोपी का नाम राजू विश्नोई पिता भंवरलाल निवासी ग्राम पीथवास जिला जोधपुर,राजस्थान है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इस खेप को राजस्थान से लेकर दक्षिण भारत पहुंचाने की तैयारी में था। वह कोटा से एमडी ड्रग्स लेकर निकला था। भोपाल पहुंचकर दूसरी ट्रेन से दक्षिण भारत जाता। संयुक्त कार्रवाई के बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को एनसीबी, इंदौर के हवाले कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल