मध्य प्रदेश में बारिश से बिगड़े हालात, इंदौर में धंसी सड़क- छतरपुर में स्कूल बंद, मुरैना में डूबे 2 युवकों के मिले शव
भोपाल, 27 अगस्त (हि.स.) । मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। मुरैना में आसन नदी के तेज बहाव में बहे ग्वालियर के दो युवकों के शव करीब 20 घंटे बाद मिले। वहीं, छतरपुर में नदी-नाले उफान पर आने के कारण स्कूलों में छुट्टी घोषित करनी पड़ी। इंदौर की वाल्मीकि बस्ती में सड़क के बीच करीब 20 फीट गहरा गड्ढा हो गया, जबकि आगर-मालवा के नलखेड़ा में सीसी रोड बह गई।
मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी मानसूनी बारिश का कहर जारी है। मुरैना के माता बसैया क्षेत्र में भूमिया मंदिर के पास आसन नदी में बुधवार को मछली पकड़ने गए ग्वालियर निवासी इरशाद खान और अशोक तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ की टीम ने करीब 20 घंटे के कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद गुरुवार को दोनों के शव ढूंढकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। ग्वालियर निवासी इरशाद खान का शव सुबह मिला, जबकि तलाश जारी रहने के बाद अशोक का शव भी मिल गया। दोनों शव करीब 20 घंटे बाद नदी से निकाले जा सके।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में निवाड़ी में 5.8 इंच, आगर-मालवा में 4.1 इंच और दतिया में 4 इंच बारिश दर्ज की गई। शहर-कस्बों में सबसे ज्यादा बारिश निवाड़ी के ओरछा में 8.1 इंच रिकॉर्ड हुई। आगर-मालवा के नलखेड़ा में 6.5, सुसनेर और दतिया के सेंवढ़ा में 5.3-5.3, जबकि निवाड़ी के पृथ्वीपुर में 5.2 इंच बारिश हुई। आगर शहर में 4.4, दतिया के इंदरगढ़ में 4.4, सोयतकलां में 4.3, शाजापुर के मोहन बड़ोदिया में 4.2 और निवाड़ी शहर में 4 इंच पानी गिरा। इसके अलावा टीकमगढ़ और नौगांव में 2.2-2.2, शिवपुरी में 1.9, श्योपुर में 1.8, शाजापुर में 1.6, सतना में 1.4 और भोपाल में 1 इंच बारिश दर्ज हुई। खजुराहो, मलाजखंड, राजगढ़, पचमढ़ी, ग्वालियर और सागर समेत कई अन्य इलाकों में भी बारिश हुई।
चित्रकूट में आरती स्थल तक पहुंचा मंदाकिनी का पानी
सतना के चित्रकूट में लगातार बारिश के बाद मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राघव प्रयाग घाट में पानी आरती स्थल तक पहुंच गया है। नगर परिषद ने अनाउंसमेंट कर नाविकों को रस्सी, ट्यूब और लाइफ जैकेट तैयार रखने की सलाह दी है। लोगों से नदी और घाटों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की गई है। सुरक्षा के लिए SDERF, नगर परिषद और स्थानीय पुलिस बल को घाटों के आसपास तैनात किया गया है।
आरोग्य धाम में 136.640 मीटर पहुंचा जलस्तर
आरोग्य धाम क्षेत्र में मंदाकिनी नदी का जलस्तर 136.640 मीटर दर्ज किया गया है। यह नदी के अब तक के उच्चतम बाढ़ स्तर 139.600 मीटर से करीब 2.96 मीटर नीचे है। जलस्तर बढ़ने के कारण नदी किनारे और निचले इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
श्योपुर में बारिश से धान की फसल को राहत की उम्मीद
श्योपुर में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह भी बारिश का दौर जारी रहा। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को धान की फसल के लिए राहत की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से फसल को फायदा मिलने की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है और लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली है।
टीकमगढ़ में जलकुंभी से रास्ता प्रभावित
भारी बारिश के बाद टीकमगढ़ के वृंदावन तालाब की जलकुंभी नहर के रास्ते साईं पुरम कॉलोनी तक पहुंच गई। सड़क पर जलकुंभी फैलने से पानी की निकासी प्रभावित हुई और आसपास जलभराव हो गया। कलेक्टर विवेक श्रोतिय और एसपी सुधीर अग्रवाल ने शहर के कई इलाकों का निरीक्षण कर जलभराव और निचले क्षेत्रों की स्थिति देखी। कलेक्टर ने बचाव दल को अलर्ट रहने और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उज्जैन में दो दिन से बारिश
उज्जैन में पिछले दो दिन से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार को भी आसमान में काले बादल छाए रहे। जिले में अब तक 601 मिमी यानी 23.7 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, लोगों को अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है।
टीकमगढ़ में 2.6 इंच बारिश, तीन रास्तों पर उफने नाले
टीकमगढ़ जिले में 24 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इस दौरान औसतन 2.6 इंच बारिश हुई, जबकि पलेरा और मोहनगढ़ में करीब 4 इंच पानी गिरा। रातभर की बारिश से टीकमगढ़-झांसी हाईवे पर पूनौल नाला और टीकमगढ़-छतरपुर रोड पर बल्देवगढ़ का नाला उफान पर है। टीकमगढ़-लिधौरा रोड पर भी पानी बह रहा है। इससे कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। भटनागर और कौशलपुरी कॉलोनी में भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिले में अब तक 27.6 इंच बारिश हो चुकी है। वहीं, बान सुजारा बांध के तीन गेट खोलकर 198 घनमीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है। बांध 78 प्रतिशत भर चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत