मुरैनाः बहनों ने जेल पहुंचकर भाई दूज का मनाया त्यौहार, किया भाइयों को टीका

 


मुरैना, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में भाईदूज का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मिठाईयों की दुकानों के साथ-साथ आवागमन के साधन स्थलों पर बहिन भाईयों की संख्या अत्यधिक दिखाई दी।

सुबह से ही इन स्थानों पर आवागमन आरंभ हो गया।

बहिन जहां भाईयों के घर पहुंचकर टीका कर रहीं थी, वहीं दूरस्थ अंचल पर भाई भी टीका कराने के लिये पहुंच रहे हैं। इसके साथ ही जिले की सभी जेलों पर पहुंची बहिनों ने भाईयों को टीका किया। जेल प्रबंधन ने जिला पुलिस व प्रशासन के सहयोग से भाईयों से मिलने आई बहिनों के लिये पर्याप्त सुरक्षा के बीच छाया व पानी की समुचित व्यवस्था की। जेलों में नियम के अनुसार एक भाई बहिन की मुलाकात लगभग आधे घंटे तक कराई गई। जेल प्रबंधन की व्यवस्थाओं के चलते लगभग 2 हजार से अधिक महिलाओं ने अपने परिजनों ने मुलाकात की।

रंगों के पांच दिवसीय पावन पर्व के तीसरे दिवस भाईदूज का त्यौहार मनाने के लिये बहिन भाईयों में अत्यधिक उत्साह देखा गया।

सुबह से ही मिठाईयों की दुकानों पर प्रतिदिन की अपेक्षा अत्यधिक संख्या में महिला पुरुष मिठाई खरीदते देखे गये। इसी तरह एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिये बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ देखी गई। निजी साधनों का उपयोग कर टीका कराने करने के लिये जा रहे थे। जिले की सभी जेलों पर बंदी भाईयों से बहिनों की मुलाकात सुबह से ही आरंभ हो गई। बहिनों द्वारा लाये गये मिठाई का निरीक्षण करने के बाद बंदी भाईयों से मुलाकात कराई गई।

जेल प्रबंधन द्वारा गुरूवार सुबह 8:45 से बंदियों की मुलाकात बहन व महिला परिजनों से कराना आरंभ कर दिया था। इस मुलाकात को सहज व सुविधाजनक बनाने के लिये जेल के अंदर पानी व टेंट की समुचित व्यवस्था की गई। इसके साथ ही जिन बहनों पर टीका करने की सामग्री उपलब्ध नहीं थी यह जेल प्रबंधन द्वारा प्रदाय की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन द्वारा प्रदाय किये गये 10 महिला पुरुष के बल का उपयोग तलाशी अभियान में किया गया।

महिलाओं द्वारा टीका के लिये लाई गई मिठाई सिर्फ भाई को खिलाने के बाद वापस करा दी गई। इसी तरह किसी भी तरह का खाद्य पदार्थ जेल में अंदर नहीं आने दिया गया। जेल कर्मियों के साथ पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा था। इसके बावजूद भी बंदी भाईयों से मिलकर बहिनें अत्यधिक खुश दिखाई दीं। जेल परिसर में भाई बहन की मुलाकात दोपहर तक निरंतर चलती रही।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा