सिंगरौली में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, एक पलटी, स्कूल जा रहे बच्चे समेत कई लोग घायल
सिंगरौली, 13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार स्कूली बच्चों समेत कई लोग और दोनों कारों के चालक घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
हादसा बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र के बैढ़न-विंध्यनगर मुख्य मार्ग पर ताली के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, टक्कर के बाद एक कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी।
एक कार में स्कूल जा रहे थे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार डॉ. बालेंदु शाह की बताई जा रही है, जिसमें स्कूली बच्चे सवार थे और वे स्कूल जा रहे थे। दूसरी कार डॉ. महेंद्र सिंह पटेल की बताई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने की बात कही है। इसी दौरान दोनों कारों की भिड़ंत हो गई। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलते ही बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पलटी कार को सीधा कर सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे