सागर : बुंदेली गायक सुनील लोधी का बीएमसी में हुआ नेत्र परीक्षण
सागर, 03 नवंबर (हि.स.)। फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से रातों-रात लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक सुनील लोधी का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप मंगलवार को स्वास्थ्य और विशेष नेत्र परीक्षण कराया गया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भोपाल में मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने गायक सुनील लोधी को संगीत शिक्षा में सहयोग और उनके समुचित इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया था। इन्हीं निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर में विशेषज्ञों की टीम द्वारा सुनील लोधी का विस्तृत स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण किया गया, ताकि उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सहायता और इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
बीएमसी में जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुनील लोधी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनकी गायन प्रतिभा की सराहना की। मुलाकात के दौरान गायक सुनील लोधी ने अपने सुरीले अंदाज में एक भावपूर्ण भजन भी गाकर सुनाया। कलेक्टर ने कला और संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बुंदेली भाषा में भजन गाया है। उनका गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और श्रोताओं द्वारा बेहद पसंद किया जा रहा है। शासन प्रशासन की इस संवेदनशीलता और सहायता के लिए गायक सुनील लोधी और उनके परिवार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे