सीधी में लोकायुक्त की कार्रवाई, रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
सीधी, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में लोकायुक्त पुलिस ने साेमवार काे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस की टीम ने हल्का मिर्चीवार में पदस्थ पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया को सोमवार सुबह 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
बताया जा रहा है कि आरोपी पटवारी जमीन से जुड़े तीन मामलों के निपटारे के लिए कुल 50 हजार की रिश्वत मांग रहा था।
जानकारी के अनुसार झगरहा निवासी शिकायतकर्ता मुनेश्वर प्रसाद सोनी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी शीला सोनी के नाम दर्ज जमीन के इतलाबी कार्य और उनकी माता के निधन के बाद वारिसाना दर्ज कराने सहित तीन राजस्व मामलों के निपटारे के लिए पटवारी मुनेन्द्र सिंह भदौरिया उनसे 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी पटवारी 11 मार्च को पहले ही 25 हजार रूपये ले चुका था और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रहा था। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।
इसके बाद उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। सोमवार सुबह करीब 8 बजे शिकायतकर्ता को सीधी शहर के जिला अस्पताल के पास स्थित पटवारी के आवास पर 5 हजार रुपये की रिश्वत देने भेजा गया। जैसे ही पटवारी ने रकम ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। टीम द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया सीधी के सर्किट हाउस में पूरी की जा रही है।
लोकायुक्त उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार ने बताया कि शिकायत की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे