सीधी में बस-कार की आमने-सामने टक्कर, महिला समेत 3 की मौत, 5 साल की बच्ची गंभीर घायल

 


सीधी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार दोपहर एक यात्री बस और कार की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा चुरहट थाना क्षेत्र के अमरपुर स्थित बेहड़ा मोड़ के पास दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वालों में मैहर जिले के देवरा निवासी अनिल तिवारी (35) और मनोरमा तिवारी (30) शामिल हैं। तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। घायल बच्ची की पहचान रानी तिवारी (5) के रूप में हुई है। पुलिस मृतक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

कार में फंसी थी घायल बच्ची, स्थानीय लोगों ने पहुंचाई मदद

प्रत्यक्षदर्शियाें के मुताबिक, बस और कार की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर तीन लोगों के शव पड़े थे, जबकि कार के अंदर बच्ची घायल अवस्था में रो रही थी। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। इसके बाद लोगों की मदद से बच्ची को कार से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए भेजा गया।

सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सीधी से रामपुर नैकिन की ओर जा रही थी, जबकि यात्री बस रामपुर नैकिन से सीधी की तरफ आ रही थी। अमरपुर के बेहड़ा मोड़ के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बस के सामने का हिस्सा भी टूट गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया।

बच्ची की हालत गंभीर, अस्पताल में उपचार जारी

चुरहट अस्पताल में पदस्थ डॉ. अनूप सिंह के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों के शरीर पर गंभीर चोटें थीं। वहीं पांच वर्षीय बच्ची की हालत भी गंभीर बताई गई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। चुरहट पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतकों की पहचान से जुड़े शेष तथ्यों का सत्यापन करने के साथ दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे