सीधी: अंबेडकर जयंती रैली में बवाल के बाद हिंसक झड़प, महिलाओं समेत 6 घायल, थाने पर पथराव, पुलिसकर्मियों से मारपीट

 


सीधी, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले के अमिलिया में अंबेडकर जयंती के दौरान निकली रैली हिंसक झड़प में बदल गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिसमें 6 लोग घायल हो गए, जिसमें एक ही परिवार के 4 लोग है, जबकि भीड़ ने थाने पर हमला कर पुलिसकर्मियों से मारपीट भी की।

जानकारी के अनुसार रैली के दौरान रास्ते में खड़ी बोलेरो वाहन को हटाने की बात पर कहासुनी हो गई। इसी दौरान वाहन में तोड़फोड़ हुई और विरोध करने पर विवाद बढ़ता चला गया, जो जल्द ही हिंसा में तब्दील हो गया। विवाद के बाद करीब 50 नकाबपोश हमलावर मनी शुक्ला नामक युवक के घर में घुस गए। हमलावरों ने पथराव करते हुए परिवार के साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में मनी शुक्ला (22) गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि 80 वर्षीय रमाकांत शुक्ला, अर्चना शुक्ला (40) और दिव्यांश शुक्ला (22) को भी चोटें आईं। एक महिला और युवक के सिर पर पत्थर लगने से गंभीर चोटें आईं और खून बहने लगा।

थाने पर हमला, पुलिसकर्मी घायल

घटना ने दोपहर बाद और उग्र रूप ले लिया, जब करीब 200 लोगों की भीड़ ने अमिलिया थाने पर धावा बोल दिया। भीड़ थाने में घुस गई और थाना प्रभारी राकेश बेस सहित स्टाफ के साथ हाथापाई की। इस दौरान पुलिसकर्मी रामचरित्र पांडे और सतीश तिवारी घायल हो गए। उपद्रवियों ने थाना परिसर में जमकर पथराव किया और कार्यालय व विवेचक कक्ष में तोड़फोड़ की।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा और पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी मौके पर पहुंच गए। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए चार थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। अमिलिया बाजार को एहतियातन बंद करा दिया गया है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की निगरानी के साथ वीडियोग्राफी की जा रही है। पुलिस नकाबपोश हमलावरों की पहचान में जुटी है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे