उज्जैन में 14 से 18 जनवरी तक होगा श्री महाकाल महोत्सव

 


उज्जैन, 09 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव मनाया जाएगा। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव करेंगे। पहले दिन पाश्र्व गायक शंकर महादेवन अपने बेटों सिद्धार्थ एवं शिवम के साथ प्रस्तुति देंगे। सोना महापात्रा, विपिन अनेजा और श्रेयस शुक्ला भी प्रस्तुति देने आएंगे।

यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने शुक्रवार को यहां मीडिया को दी। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह भी उपस्थित थे। श्री तिवारी ने बताया कि महोत्सव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्रीपुष्कर सिंह धामी,आन्ध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू,महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस,गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को आमंत्रित किया गया है।

श्री तिवारी ने बताया कि शहर में प्रतिदिन विभिन्न स्थलों से निकलने वाली कला यात्राएँ, जनजातीय संस्कृति की जीवंतता-रंगों-वाद्यों और नृत्य की लय के साथ श्री महाकाल महालोक परिसर तक पहुँचेंगी। इंडोनेशिया और श्रीलंका के नाट्य दलों द्वारा भारत की प्राचीन सांस्कृतिक इतिहास का पुनस्र्मरण करवाया जाएगा। श्री महाकाल महोत्सव अपने स्वरूप में देश में पहली बार आयोजित होने वाला पहला ऐसा आयोजन होगा जिसमें कलाकार आध्यात्म, लोक और वैश्विक संस्कृति को एक साथ मंच साझा करेंगे। महोत्सव में देश के विभिन्न भागों में स्थित ज्योतिर्लिंगों के महात्म्य, महिमा और देवलोक के प्रभाव को प्रस्तुत किया जाएगा।

यह महोत्सव वीर भारत न्यास, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा संस्कृति संचालनालय, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, त्रिवेणी संग्रहालय, कृषि उद्योग विकास परिषद्, उज्जैन विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन एवं नगर निगम उज्जैैन की सहभागिता में आयोजित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल