झाबुआ: भगवान् विष्णु के एक हजार नाम मंत्रोच्चार से आराधना करते हुए समर्पित किए गए एक हजार आम

 




झाबुआ, 25 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिला मुख्यालय स्थित श्री चारभुजानाथ मंदिर में पुरुषोत्तम मास के पावन पर्व पर सोमवार को आयोजित विशेष पूजन अर्चन में भगवान् श्री चारभुजा नाथ को श्रीविष्णुसहस्त्रनाम में उल्लेखित एक हजार नामों के मंत्रोच्चार के साथ संयुक्त 1000 केसर आम समर्पित किए गए। जबकि इसी मंदिर में प्रतिष्ठित भगवान् श्री गणेशजी का दूर्वा एवं अक्षत से अर्चन किया गया।

मंदिर के पुजारी एवं विद्वान ज्योतिषाचार्य पंडित हिमांशु शुक्ल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान पूर्णिमा पर भगवान् श्री चारभुजानाथ का 101 किलो केसर युक्त गोदुग्ध से अभिषेक किया जाएगा, जबकि मंगलवार को मोगरा के ताजा फूलों से भगवान् का श्रंगार किया जाएगा।

पंडित शुक्ल के अनुसार बुधवार क़ो गुलाब जल से अभिषेक कर 1000 तुलसी दल समर्पित करते हुए विष्णु भगवान का अर्चन किया जाएगा, जबकि गुरुवार क़ो 1000 बिल्व पत्र से शिवार्चन तथा पूर्णिमा पर भगवान् श्री चारभुजानाथ का 101 किलो केसर युक्त गोदुग्ध से अभिषेक किया जाएगा। अमावस्या क़ो एक लाख बत्तियो से श्रीभगवान की आरती उतारी जाएगी, तथा

4 जून क़ो चारभुजानाथ के नाम संकिर्तन के साथ परिक्रमा व वृक्षारोपण का संकल्प कर हरियाली अमावस्या पर पौधारोपण किया जाएगा।

इस अभिनव पूजा अर्चना के अवसर पर नगर के विद्वान आचार्यगण, विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु जन मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा