अशोकनगर की बेटी श्रीजी ने प्रदेश में लहराया परचम, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल में किया सम्मानित

 


अशोकनगर, 06 अक्टूबर(हि.स.)। हौसला बुलंद हो तो छोटी उम्र भी बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकती है। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के मुंगावली की कक्षा सातवीं की छात्रा श्रीजी मिश्रा ने अपनी शानदार वक्तृत्व प्रतिभा के दम पर पूरे प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया है। राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर श्रीजी ने प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

राजधानी भोपाल स्थित मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली अशोकनगर जिले के मुंगावली स्थित सेंट मीरा स्कूल की कक्षा सातवीं की छात्रा श्रीजी मिश्रा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

छोटी उम्र, बड़ी उपलब्धि

श्रीजी की इस उपलब्धि ने न केवल उनके स्कूल और परिवार को गौरवान्वित किया, बल्कि अशोकनगर जिले का नाम भी प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा को यदि सही मंच और प्रोत्साहन मिले तो छोटी उम्र में भी बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।

श्रीजी मिश्रा की इस शानदार उपलब्धि पर कलेक्टर साकेत मालवीय ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी इसी तरह अपनी प्रतिभा का निरंतर प्रदर्शन करते रहें और अपनी उपलब्धियों से जिले का नाम रोशन करें।

छात्रा की सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी मधु शर्मा, डीपीसी राहुल शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी मुंगावली श्यामबिहारी शर्मा सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी श्रीजी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार