राजगढ़ः डोल ग्यारस पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
राजगढ़, 22 सितम्बर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में डोल ग्यारस यानी जल झूलनी एकादशी के अवसर पर मंगलवार को ब्यावरा स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर समिति के अनुसार बड़ी तादाद में श्रद्धालुओं ने बाबा खाटू श्याम के दर्शन किए। सुबह मंगला आरती के साथ दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘जय श्री श्याम’ और ‘हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा’ के जयकारों से गूंजता रहा।
डोल ग्यारस के लिए बाबा खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था। समिति के अनुसार, उज्जैन से करीब 51 किलो ताजे फूल मंगवाकर बाबा का श्रृंगार और दरबार सजाया गया। आकर्षक साज-सज्जा के बीच भक्तों ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। निशान लेकर पहुंचे श्रद्धालु, ढोल-नगाड़ों के साथ लगाए जयकारे डोल ग्यारस पर ब्यावरा शहर के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्याम निशान लेकर मंदिर पहुंचे। कई जगहों से भक्तों की टोलियां ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ मंदिर पहुंचीं। हाथों में निशान लिए श्रद्धालु नाचते-गाते बाबा के जयकारे लगाते नजर आए। पुलिस-प्रशासन ने संभाली व्यवस्था श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन के लिए कतार व्यवस्था की। पुलिस, प्रशासन, नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने भीड़ और यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। मंदिर परिसर सहित आसपास के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी और स्वयंसेवक तैनात रहे। सनातन परंपरा में डोल ग्यारस का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालु व्रत रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक