राजगढ़ः श्री गीता मानस प्रचार समिति का 83वां विश्व शांति वार्षिकोत्सव प्रारंभ

 


राजगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। श्री गीता मानस प्रचार समिति के तत्वावधान में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी 83वां विश्व शांति वार्षिकोत्सव (विक्रमी संवत 2083) बड़े ही श्रद्धा व उत्साह के साथ 19 मार्च से 3 अप्रैल तक मनाया जा रहा है। आयोजन की शुरुआत चैत्र प्रतिपदा पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण एवं घट स्थापना के साथ हुई।समिति का उद्देश्य विश्व शांति, सद्भाव और विश्व बंधुत्व की भावना का प्रसार करना है। कार्यक्रम के तहत 19 से 27 मार्च तक राम कथा का आयोजन वृंदावन से पधारी सुश्री देवी भुवनेश्वरी जी द्वारा किया जा रहा है। 28 मार्च से 3 अप्रैल तक पंडित प्रमोद जी नागर द्वारा श्रीमद्भागवत कथा प्रस्तुत की जाएगी। दोनों कथाएं संगीतमय वातावरण व आकर्षक झांकियों के साथ प्रतिदिन रात 9 बजे से हो रही है।

27 मार्च शुक्रवार को दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जाएगा।इसके लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रातः 11 बजे देवी भुवनेश्वरी जी श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीराम के जीवन पर विशेष प्रवचन देंगी। राम कथा के सातवें दिन श्री राम वनगमन का प्रसंग आकर्षक झांकी के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसे भक्तों ने भाव-विभोर होकर सुना। कथा उपरांत महाआरती सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री माखनसिंह चैहान, पूर्व विधायक बापूसिंह तंवर, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री मोना सुस्तानी एवं पूर्व विधायक पंडित हरिचरण तिवारी उपस्थित रहे। समिति अध्यक्ष ने शाल,श्रीफल व पुष्पहार से अतिथियों का स्वागत किया। अंत में समिति पदाधिकारियों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आगामी सभी धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनने की विनम्र अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक