अनूपपुर: अमरकंटक बस स्टैंड के दुकानदारों ने एसडीएम को बताई समस्याया
अनूपपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की नर्मदा नगरी अमरकंटक में गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) वसीम अहमद भट्ट ने अमरकंटक विकास प्राधिकरण कार्यालय का दौरा किया।
उन्होंने वैतरणी बस स्टैंड परिसर में आवंटित दुकानों के दुकानदारों के साथ बैठक कर समस्याएं सुनीं। इस दौरान दुकानदारों ने अमरकंटक विकास प्राधिकरण और नगर परिषद पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनदेखी के कारण उनका व्यापार चौपट हो गया है। दुकानदारों ने बकाया राशि, बस स्टैंड की मूलभूत सुविधाओं और लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं पर भी चर्चा की।
दुकानदारों ने बताया कि वैतरणी बस स्टैंड की अधिकांश दुकानें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। इन दुकानों के सामने अवैध रूप से अस्थायी दुकानें संचालित हो रही हैं, जिनसे नगर परिषद नियमित रूप से बाजार बैठकी शुल्क वसूलती है। इस अतिक्रमण के कारण ग्राहकों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और स्थायी दुकानदारों का व्यापार ठप हो गया है। बस स्टैंड परिसर में सड़क, पेयजल, साफ-सफाई और सुलभ शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। बारिश के दौरान बस स्टैंड के आसपास जलभराव और फिसलन की स्थिति बन जाती है, जिससे यात्रियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बंद पड़ी दुकानों और परिसर में लंबे समय से सफाई न होने के कारण गंदगी का अंबार लगा हुआ है। शाम होते ही परिसर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जहां शराबखोरी जैसी गतिविधियां होती हैं। कई स्थानों पर खुले में शौच और पेशाब किए जाने तथा आवारा मवेशियों के घूमने से स्थिति और भी बदतर हो गई है। रखरखाव के अभाव में विकास प्राधिकरण की कई दुकानों के शटर जर्जर हो चुके हैं। कुछ शटर गिरकर धराशायी हो रहे हैं, जबकि कई जगह जंग लगने से गल गए हैं।
समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दुकानदारों की समस्याओं की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही, नगर परिषद अमरकंटक को बस स्टैंड के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं बस स्टैंड एवं विकास प्राधिकरण की दुकानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार लाने के निर्देशित किया। दुकानदारों ने मांग की कि बस स्टैंड परिसर को अतिक्रमण मुक्त कर नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां पुनः सुचारू हो सकें। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला