शिवपुरी में झाड़ियों में मिला एक दिन का नवजात, रोने की आवाज सुन ग्रामीणों ने बचाई जान, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
शिवपुरी, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के ग्राम अगर्रा में मंगलवार सुबह झाड़ियों में लावारिस हालत में एक दिन का नवजात शिशु मिला। सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने बच्चे के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर झाड़ियों में नवजात पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार, सबसे पहले गांव की एक महिला ने झाड़ियों से बच्चे के रोने की आवाज सुनी। जब वह वहां पहुंची तो नवजात को लावारिस हालत में पड़ा देखा। महिला ने बिना समय गंवाए बच्चे को गोद में उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोहरी ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने शिशु का स्वास्थ्य परीक्षण कर प्राथमिक उपचार दिया और फीडिंग कराई। चिकित्सकों के अनुसार, नवजात पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
जिला अस्पताल किया गया रेफर
मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन को भी दे दी गई है। बेहतर इलाज और विशेषज्ञों की निगरानी के लिए नवजात को शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
नवजात को छोड़ने वाले की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर नवजात को झाड़ियों में कौन छोड़कर गया। मामले से जुड़े अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे