शिवपुरी: हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्रॉली, महिला और मासूम जिंदा जले, दो गंभीर झुलसें
शिवपुरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई, जिससे एक महिला और 7 वर्षीय मासूम की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका उपचार जारी है।
कोलारस थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के मुताबिक, राजस्थान के बारां जिले के खेड़ली गांव का बंजारा परिवार हर साल की तरह इस बार भी कोलारस क्षेत्र में भूसा खरीदने आया था। शुक्रवार सुबह टोल टैक्स के पास बने डेरे से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली भूसा लेने के लिए निकले थे। आगे चल रहा ट्रैक्टर देहरदा गांव से कच्चे रास्ते होते हुए डोडयाई की ओर बढ़ रहा था, तभी रास्ते में बड़ा हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रॉली में अधिक भूसा भरने के लिए करीब 10-10 फीट ऊंचे लोहे के पाइप लगाए गए थे। रास्ते में झूल रही हाईटेंशन लाइन के तार पेड़ों की वजह से दिखाई नहीं दिए और पाइप उनसे टकरा गए। टकराते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में करंट फैल गया।
हादसे के समय ट्रैक्टर पर विनोद बंजारा (27) पुत्र रंजीत बंजारा, उनकी पत्नी लीला बाई (30), केसर बाई पुत्री मेंबर बंजारा और 7 वर्षीय अनिल सवार थे। करंट लगते ही लीला बाई की साड़ी में आग लग गई, जिसकी चपेट में मासूम अनिल भी आ गया। दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं विनोद बंजारा और केसर बाई करंट के झटके से ट्रैक्टर से दूर जा गिरे, लेकिन वे गंभीर रूप से झुलस गए। पीछे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली सवारों ने मौके पर पहुंचकर लीला बाई की सुलगती लाश को वहीं छोड़ दिया। बाकी तीनों को ट्रॉली में डालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 7 साल के अनिल को भी मृत घोषित कर दिया। विनोद और केसर बाई का इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटनास्थल पर हाईटेंशन लाइन के तार नीचे की ओर झूल रहे थे और पेड़ों के कारण स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी वजह से ट्रॉली में लगे लोहे के पाइप तारों से टकरा गए और यह हादसा हुआ। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे डेरे में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे