शिवपुरीः नरवर किला तोप चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त पिकअप जब्त
शिवपुरी, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 वर्ष पुरानी तोप चोरी के मामले में शिवपुरी पुलिस को अहम सफलता मिली है। शिवपुरी और राजस्थान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में वारदात में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने रविवार को बताया कि पुरातत्व विभाग में चौकीदार रमेश कोली ने 16 जुलाई को थाना नरवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि कचहरी महल में रखी 14 तोपों में से एक तोप अज्ञात बदमाश चुरा ले गए हैं। शिकायत पर थाना नरवर में अपराध क्रमांक 128/26 के तहत धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना, उप पुलिस महानिरीक्षक डॉ. असित यादव तथा पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। फरार आरोपियों पर पहले 10 हजार रुपये और बाद में इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपये घोषित किया गया। जांच के दौरान साइबर सेल की मदद से सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा कैमरों का विश्लेषण किया गया। इससे घटना में प्रयुक्त महिंद्रा बोलेरो पिकअप (क्रमांक RJ34GA2980) की पहचान हुई। वाहन का पीछा करते हुए पुलिस टीम राजस्थान के करौली जिले पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से आरोपियों की तलाश की गई।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर नरवर और सुभाषपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त घेराबंदी कर वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार मीना निवासी पालनपुर थाना सदर हिण्डौन, जिला करौली तथा टिम्मूराम मीना निवासी गांवडा मीना थाना सदर, जिला करौली (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने लगभग छह लाख रुपये मूल्य की महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी जब्त की है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। चोरी गई ऐतिहासिक तोप की बरामदगी के लिए पुलिस टीम राजस्थान में लगातार कार्रवाई कर रही है और शीघ्र ही तोप बरामद कर शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा