पिछले साल की तुलना में शिवपुरी में अब तक 72 प्रतिशत कम बारिश, औसत से भी काफी पीछे मानसून
शिवपुरी, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में इस वर्ष मानसून की रफ्तार पिछले वर्ष की तुलना में काफी धीमी बनी हुई है। एक जून से अब तक जिले में केवल 294.58 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 1042.37 मिमी औसत वर्षा हो चुकी थी। इस प्रकार जिले में पिछले वर्ष की तुलना में अब तक करीब 747.79 मिमी कम, यानी लगभग 72 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।
भू-अभिलेख कार्यालय द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई जिले की सामान्य औसत वार्षिक वर्षा 816.3 मिमी है। वहीं वर्ष 2025 में जिले में कुल 1585.86 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी, जो सामान्य औसत से भी लगभग दोगुनी रही थी। वर्तमान वर्ष में तहसीलवार वर्षा के आंकड़ों के अनुसार करैरा में 355.40 मिमी वर्षा के साथ सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। इसके बाद नरवर में 353 मिमी, शिवपुरी में 350.80 मिमी, पोहरी में 343 मिमी, कोलारस में 318 मिमी, बदरवास में 280.50 मिमी, पिछोर में 256 मिमी, खनियाधाना में 203.50 मिमी तथा बैराड़ में 191 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। बारिश में आई इस बड़ी कमी का असर खरीफ फसलों पर भी पड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि किसानों और आमजन को अब भी मानसून के आगामी दौर से अच्छी वर्षा की उम्मीद है, जिससे वर्षा के आंकड़ों में सुधार हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा