शिवपुरीः 150 बीघा वन भूमि अतिक्रमण मुक्त, वन-राजस्व-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
शिवपुरी, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के सामान्य वनमण्डल द्वारा वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को कोलारस में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 150 बीघा वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई वन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल द्वारा सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के बाद की गई।
वन विभाग के अनुसार, वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज कोलारस-बी अंतर्गत बीट सनवारा के आरएफ कक्ष क्रमांक 127 एवं 129 में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की शिकायतें थीं। प्रकरण में आवश्यक दस्तावेजी एवं कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी बेदखली आदेश के पालन में संयुक्त अमला मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान तीन जेसीबी मशीनों एवं दो ट्रैक्टरों की सहायता से वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। साथ ही भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से मौके पर कंटूर ट्रेंच का निर्माण भी कराया गया।
अभियान का संचालन सामान्य वनमण्डल शिवपुरी के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस के साथ वन परिक्षेत्राधिकारी बदरवास, वन परिक्षेत्राधिकारी शिवपुरी, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी तेंदुआ, थाना प्रभारी रन्नौद एवं वन विभाग का अमला मौजूद रहा।
वन विभाग ने ग्रामीणों एवं आसपास के लोगों को वन भूमि संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण या अन्य अवैध गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा