शिवपुरी में शुरू हुआ प्रदेश का पहला जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब, एसपी ने किया शुभारंभ
शिवपुरी, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा खेलों और फिटनेस को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर में स्थापित जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब (जिम) का शुभारंभ मंगलवार को पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने किया। कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा जिले के वरिष्ठ खिलाड़ी उपस्थित रहे।
जिला खेल परिसर के नवीन इंडोर हॉल में स्थापित इस फिट इंडिया क्लब के माध्यम से खिलाड़ियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी आधुनिक इंडोर जिम एवं ओपन जिम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। क्लब में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, कार्डियो ट्रेनिंग, एरोबिक ट्रेनिंग, रेजिस्टेंस ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन सपोर्ट और फिटनेस काउंसलिंग जैसी विभिन्न सुविधाएं संचालित की जाएंगी।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ. के.के. खरे ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से संचालित फिट इंडिया मूवमेंट के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए शिवपुरी में प्रदेश का पहला जिला स्तरीय फिट इंडिया क्लब स्थापित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन में स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि क्लब की सुविधाओं का लाभ लेने के लिए खिलाड़ियों एवं आम नागरिकों को पंजीयन कराना होगा। पंजीयन और अन्य जानकारी के लिए रामपाल सिंह महते (9039722396) तथा सुजीत करोसिया (9993612504) से संपर्क किया जा सकता है।
फिट इंडिया क्लब की स्थापना से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक फिटनेस संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा