शिवपुरीः करैरा को जिला बनाने की मांग ने पकड़ा आंदोलन का रूप, अब आर-पार की लड़ाई की तैयारी
शिवपुरी, 28 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की सबसे बड़ी तहसील करैरा को जिला बनाने की मांग अब क्षेत्र के सम्मान, स्वाभिमान और भविष्य से जुड़ा जनअधिकार का सवाल बनती जा रही है। वर्षों से लंबित इस मांग को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र में लामबंदी तेज हो गई है।
इसी क्रम में शुक्रवार देर रात डेनिडा रोड पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों ने एकजुट होकर करैरा को जिला बनाने की मांग को बुलंद किया। बैठक में मैराथन बैठकों के माध्यम से जनसमर्थन जुटाने और शीघ्र ही व्यापक आंदोलन खड़ा करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में स्पष्ट स्वर उभरा कि करैरा को जिला बनाने की मांग किसी क्षेत्र विशेष की जिद अथवा राजनीतिक लाभ का विषय नहीं, बल्कि भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक विस्तार, आर्थिक क्षमता, ऐतिहासिक विरासत और जनसुविधाओं के आधार पर एक तार्किक तथा न्यायोचित मांग है। सवाल यह भी उठाया गया कि जब करैरा में जिला बनने की तमाम संभावनाएं और आवश्यक आधार मौजूद हैं, तो फिर इस क्षेत्र को जिला मुख्यालय का दर्जा देने में विलंब क्यों?
हर कसौटी पर जिला बनने की मजबूत दावेदारी
भौगोलिक स्थिति और आवागमन की सुविधा:- करैरा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 सहित प्रमुख मार्गों से जुड़ा हुआ है। ग्वालियर, झांसी और दतिया जैसे महत्वपूर्ण शहरों से इसकी निकटता इसे प्रशासनिक केंद्र के रूप में मजबूत बनाती है। बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्रीय आवागमन और प्रशासनिक गतिविधियों के विस्तार के लिए अनुकूल परिस्थितियां उपलब्ध कराता है।
विशाल प्रशासनिक क्षेत्र और जनसंख्या का आधार:-करैरा के साथ नरवर, पिछोर सहित आसपास के क्षेत्रों और बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों का प्रशासनिक दायरा इसे स्वतंत्र जिले के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को मजबूत करता है। जिला बनने से दूरस्थ ग्रामीण अंचलों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से राहत मिल सकती है।
कृषि, व्यापार और औद्योगिक क्षमता:- क्षेत्र की कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था, समृद्ध कृषि उपज मंडी, तेजी से विस्तार लेता व्यापारिक बाजार और औद्योगिक विकास की संभावनाएं करैरा को आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती हैं। जिला मुख्यालय का दर्जा मिलने से निवेश, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिल सकती है।
ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन विरासत:- करैरा का ऐतिहासिक किला, प्राचीन मंदिर, बाबा का बाग और प्राकृतिक नदी क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं पर्यटन पहचान को विशिष्ट बनाते हैं। सुनियोजित विकास के माध्यम से इन स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा सकता है।
राष्ट्रीय सामरिक महत्व:- करैरा में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र इसकी सामरिक पहचान और राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करता है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार:-
जिला मुख्यालय बनने से वर्तमान शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य ढांचे को उच्च स्तरीय संस्थानों में विकसित करने का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और तकनीकी शिक्षण संस्थानों की स्थापना की संभावनाओं को भी बल मिल सकता है।
जनता का समय, पैसा और परेशानी बचाना भी प्राथमिकता
वर्तमान में शिवपुरी जिला मुख्यालय की दूरी के कारण करैरा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को अनेक प्रशासनिक कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और आम नागरिकों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए भी समय और धन खर्च करना पड़ता है। करैरा जिला बनने से प्रशासनिक सेवाएं जनता के अधिक निकट पहुंचेंगी और क्षेत्रीय विकास की प्रक्रिया को नई गति मिल सकेगी।
दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होने की अपील
बैठक में गोपाल गोयल, नेतराम जाटव (पार्षद), प्रकाश खटीक, आशू तिवारी, के.के. श्रीवास्तव (अधिवक्ता), गंधर्व रावत (पत्रकार), संजीव झा (बाबू भाई), अजय शंकर तिवारी (अधिवक्ता), दुर्ग सिंह लोधी (पत्रकार), दीपक अहिरवार (कांग्रेस अनुसूचित जाति जिला अध्यक्ष), वाहिद खान, मकसूद खान, शौकत खान, अब्दुल हमीर, हकीम खान, संजय नीखरा (पार्षद), महेंद्र सिंह बघेल (अधिवक्ता), राजीव श्रीवास्तव (डी.पी.), राजेंद्री गौतम, लाली बेदोरिया, दीपक बेदोरिया, अनिल कोली, राजेंद्र यादव, नरेश परिहार, नितिन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि करैरा जिला निर्माण का अभियान किसी एक व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक आकांक्षा है। इसे निर्णायक परिणाम तक पहुंचाने के लिए गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक जनसंपर्क अभियान चलाने, अधिकाधिक लोगों को जोड़ने और चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को व्यापक स्वरूप देने की आवश्यकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा