शिवपुरी में भाजपा विधायक के बेटे ने थार से 5 लोगों को मारी टक्कर, आरोपी बोला ‘हॉर्न दिया था, हटे क्यों नहीं’
शिवपुरी, 16 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार थार कार ने सड़क पर कहर बरपा दिया। पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी पर आरोप है कि उन्होंने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार तीन युवकों और पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में पांचों लोग घायल हो गए, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी अनुसार घटना करैरा थाना क्षेत्र में सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। फरियादी संजय परिहार ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से मजदूरी के लिए थनरा गांव जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। तभी पीछे से तेज रफ्तार थार कार आई और पहले बाइक को टक्कर मारी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार ने आगे चल रही दोनों महिलाओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में संजय, आशीष और अंशुल को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोटें लगी हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपी ने किया विवाद
घायलों का आरोप है कि कार दिनेश लोधी चला रहे थे और वाहन पर आगे “प्रीतम लोधी” व पीछे “MLA” लिखा हुआ था। हादसे के बाद आरोपी ने मौके पर बहस की और लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश की। जब एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो आरोपी ने उसे रोकते हुए कहा—“वीडियो मत बनाओ।” इतना ही नहीं, उसने सफाई देते हुए कहा कि “मैं सायरन और हॉर्न दे रहा था, फिर भी ये लोग हटे क्यों नहीं।”
विधायक का बयान—‘जनता सर्वोपरि’
घटना के बाद विधायक प्रीतम लोधी का बयान भी सामने आया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “विधायक के लिए पुत्र परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है।” उन्होंने पुलिस से पीड़ितों को न्याय दिलाने की बात कही।
केस दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जांच जारी है और वाहन को जब्त करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे