शिवपुरीः अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर धार महादेव मंदिर परिसर में हुआ सामूहिक योगाभ्यास
शिवपुरी, 21 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद पंचायत पिछोर की ग्राम पंचायत खोड़ स्थित धार महादेव मंदिर परिसर में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग के तहत किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, स्थानीय विधायक देवेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवंत जाटव तथा कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योगाभ्यास आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया। योग सत्र के दौरान ग्रामीणों, युवाओं और योग साधकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। योग कार्यक्रम के उपरांत पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रभारी मंत्री, कलेक्टर, विधायक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ने धार महादेव मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ विजय राज, एसडीएम ममता शाक्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा