सागरः छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण के लिए केंद्रीय मंत्री सिंधिया को न्योता

 


सागर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में स्थापित की गई हिंदू हृदय सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा अब अनावरण के लिए पूरी तरह तैयार है। इस ऐतिहासिक अवसर को गरिमामय बनाने के लिए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन और क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने दिल्ली प्रवास के दौरान बुधवार को केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट की।

विधायक शैलेंद्र जैन और सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया के निवास पर मुलाकात कर उन्हें प्रतिमा की भव्यता और इसके निर्माण के पीछे की भावनाओं से अवगत कराया। विधायक जैन ने मंत्री सिंधिया को सागर आने का औपचारिक आमंत्रण देते हुए आग्रह किया कि वे इस गौरवशाली प्रतिमा के अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हों।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए सागर आने के लिए अपनी सहमति प्रदान की। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही समय निकालकर सागर आएंगे और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

यह भेंट केवल आमंत्रण तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक बेहद सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान विधायक जैन और सांसद डॉ. वानखेड़े ने केंद्रीय मंत्री के साथ सागर के सर्वांगीण विकास और जिले की सांस्कृतिक विरासत को और अधिक सशक्त बनाने के विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की।

छत्रपति शिवाजी महाराज का जीवन और उनके आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणापुंज हैं। सागर में उनकी प्रतिमा की स्थापना शहर के गौरव का प्रतीक है। — विधायक शैलेंद्र जैन

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे