राजगढ़ः मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक संपन्न

 


राजगढ़, 10 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की तैयारियों और सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निराकरण को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई।

कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग में संतोषजनक कार्रवाई नहीं मिलने पर उन्होंने बीआरसी सुरेंद्र भदौरिया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश गवली की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के लिए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर वन-टू-वन चर्चा की और लंबित मामलों की स्थिति जानी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निराकरण किया जाए। यदि निराकरण नहीं होने वाली शिकायत मुख्यमंत्री जनविश्वास केंद्र में पहुंचती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना में नाम जोड़ने, भुगतान और राशन पर्ची में नाम जोड़ने से संबंधित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग में शासकीय व निजी भूमि पर अतिक्रमण तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पंजीयन और भुगतान से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा हुई। कलेक्टर ने एसडीएम को लंबित शिकायतों की पेंडेंसी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सान कल्याण विभाग की शिकायतों की समीक्षा के दौरान फसल बीमा योजना से जुड़े प्रकरणों की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए लंबित शिकायतों का जल्द निराकरण करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शिकायत के निराकरण से हितग्राही को शासन की योजना का लाभ मिल सकता है, उन्हें प्राथमिकता से निपटाया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक