श्योपुर में दर्दनाक हादसा, तेंदूपत्ता तोड़कर लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 40 घायल

 




श्योपुर, 17 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के आवदा थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजका गांव के पास रविवार को तेंदूपत्ता तोड़कर जंगल से लौट रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 40 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर रिछी के जंगल से तेंदूपत्ता संग्रहण का काम पूरा कर ट्रॉली में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली चालक सरवन आदिवासी पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। हमले से घबराकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार मजदूर एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई मजदूर ट्रॉली के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, 6 मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल में घायलों के परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रॉली में सवार लोगों ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह चालक पर मधुमक्खियों का हमला था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रॉली पलटने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे