श्योपुरः अनियंत्रित होकर बस पलटी, 16 यात्री घायल

 


श्योपुर , 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के बड़ौदा क्षेत्र में शनिवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान के बीच एक बस अनिंयत्रित होकर खेत में जाकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 30 यात्रियों में से 16 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बड़ौदा से रवाना हुई यात्री बस रतोदन के पास पहुंची ही थी कि अचानक मौसम बदल गया और धूलभरी आंधी चलने लगी। हवा का वेग तेज होने के कारण ड्रायवर नियंत्रण खो बैठा और बस लहराते हुए खेत में जाकर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया।

मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक

सूचना मिलते ही राजस्व निरीक्षक दिव्यराज धाकड़ और बड़ौदा थाना पुलिस भी अमले के साथ मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तुरंत बड़ौदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

हादसे में यह यात्री हुए घायल

इस सड़क हादसे में जुगराज पुत्र रामनाथ उम्र 20 साल हीरापुर, रामसिया पत्नी पप्पू आदिवासी उम्र 45 साल आवदा, गिर्राज पुत्र गजानंद वैष्णव उम्र 30 साल निवासी सुबकरा, अभिषेक पुत्र मुकेश उम्र 20 साल पांडोला, रवीना पुत्री महावीर उम्र 10 साल आवदा, मीना पत्नी महावीर उम्र 35 साल आवदा, रेशमा पुत्री दादू आदिवासी उम्र 10 साल मसावनी, राजंती पत्नी रामवीर उम्र 35 साल मसावनी, मालती पत्नी नाथूलाल उम्र 40 साल रतोदन, महावीर पुत्र भगत सिंह उम्र 35 साल आवदा, सुनीता पत्नी ओमप्रकाश उम्र 40 साल भूरवाड़ा, भारती पुत्र कोमल आदिवासी उम्र 15 साल इंद्रपुरा, कोमल पत्नी केशव उम्र 35 साल सुबकरा, लालवीर पुत्र शंभू उम्र 20 साल सुबकरा, मौसम पुत्र ओमप्रकाश उम्र 15 साल भूरवाड़ा सहित अन्य लोग घायल हुए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत वैष्‍णव