श्योपुर: खाद संकट पर किसानों का लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन, कुंवारी पुल पर चक्काजाम, आवागमन बाधित

 




श्योपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के श्याेपुर जिले के विजयपुर क्षेत्र में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार काे बड़ी संख्या में किसानों ने खाद की मांग को लेकर कुंवारी पुल पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही और यातायात प्रभावित हुआ।

किसानों का कहना है कि खरीफ सीजन में फसलों की बुवाई और कृषि कार्य के लिए खाद की आवश्यकता है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान खाद के लिए दुकानों और वितरण केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं, इसके बावजूद मांग के अनुरूप खाद नहीं मिल पा रही है। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों को फसल प्रभावित होने की चिंता सता रही है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन से क्षेत्र में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

पुलिस-प्रशासन पहुंचा मौके पर

कुंवारी पुल पर चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर स्थिति को संभालने और यातायात बहाल कराने का प्रयास किया। किसानों ने खाद की समस्या का स्थायी समाधान होने तक अपना आक्रोश जारी रखने की बात कही।

एक दिन पहले तहसील कार्यालय के सामने भी प्रदर्शन

खाद संकट को लेकर विजयपुर क्षेत्र में किसानों का यह लगातार दूसरा प्रदर्शन है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार काे भी किसानों ने तहसील कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया था। लगातार प्रदर्शन के बावजूद खाद की समस्या का समाधान नहीं होने से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे