अशोकनगरः नवरात्रि पर मंदिरों के बाहर साये की तरह तैनात रहेगी निर्भया टीम

 


अशोकनगर, 19 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में चैत्र नवरात्रि के उल्लास और भक्ति के बीच, गलियों और मंदिरों में माता के दर्शन के लिए उमडऩे वाली नारी शक्ति की सुरक्षा का जिम्मा अब शक्ति दल के कंधों पर होगा। एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने एक विशेष ब्लूप्रिंट तैयार किया है, जिसके तहत निर्भया मोबाइल टीम अब शक्ति दल के रूप में अवतार लेकर मनचलों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखेगी।

मंदिरों के द्वार पर अभय कवच:श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए, जिले के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए गए हैं। यह विशेष शक्ति दल सूर्योदय के साथ ही सक्रिय हो जाएगा। मंदिर परिसरों के प्रवेश और निकास द्वारों से लेकर संकरी गलियों तक, खाकी की यह ढाल हर कदम पर महिलाओं और बालिकाओं के साथ मौजूद रहेगी।

मनचलों की खैर नहीं: जीरो टॉलरेंस नीतिएसपी राजीव मिश्रा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आस्था के इस महापर्व पर किसी भी प्रकार की अभद्रता या छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शक्ति दल न केवल गश्त करेगा, बल्कि सादे कपड़ों में भी भीड़ के बीच मौजूद रहकर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करेगा। यदि किसी ने भी व्यवस्था बिगाडऩे या नारी शक्ति के सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश की, तो उस पर तत्काल और कठोर कानूनी प्रहार किया जाएगा।

सुरक्षा के साथ संवाद: डायल 112 आपका साथीपुलिस केवल निगरानी ही नहीं करेगी, बल्कि दर्शनार्थियों से संवाद कर उन्हें जागरूक भी करेगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार